Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 04 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, विकासनगर में औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी काे निरीक्षण के दौरान वर्ष 2018, 2024 और 2025 तक के मूल विलेख पत्र संदिग्ध स्थिति में मिले। डीएम के निर्देश पर इन्हें तत्काल कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि विक्रय के लिए प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्री किए जाने के प्रकरण मौजूद हैं, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। जांच में धारा 47-ए के तहत स्टांप शुल्क चोरी के 47 मामले चिन्हित किए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार यह गंभीर वित्तीय अनियमितता है, जिस पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में कार्यालय संचालन में पारदर्शिता की कमी, अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही और प्रक्रियात्मक नियमों के उल्लंघन जैसे कई बिंदु सामने आए हैं। जिला प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर समग्र रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसे शासन को प्रेषित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि वर्तमान के साथ-साथ पूर्व में तैनात सब-रजिस्ट्रार के कार्यकाल की गतिविधियों की भी गहन जांच की जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, डीजीसी नितिन वशिष्ठ, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय