चंडीतला में बवाल के दौरान सांसद कल्याण बनर्जी घायल, तृणमूल ने भाजपा पर लगाया हमला का आरोप
हुगली, 31 मई (हि. स.)।जिले के चंडीतला थाने के सामने रविवार को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हुए विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया। तृणमूल कांग्रेस की ओर से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में थाने में ज्ञापन सौंपने का कार
घटना के बाद सड़क पर लेटे कल्याण बनर्जी


हुगली, 31 मई (हि. स.)।जिले के चंडीतला थाने के सामने रविवार को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हुए विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया। तृणमूल कांग्रेस की ओर से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में थाने में ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। घटना में श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थाने के सामने मौजूद दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच पहले नारेबाजी हुई।

तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थकों को लक्ष्य कर ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस और केंद्रीय बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा।

घटना के बाद कल्याण बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मैं किसी को साथ लेकर नहीं आया था। मैं अकेले ही कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहा था। चंडीतला मोड़ के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेरी ओर कुछ फेंका। वह ड्यूस बॉल थी या कोई अन्य वस्तु, मैं नहीं जानता, लेकिन मेरे सिर से रक्तपात होने लगा।

भावुक स्वर में उन्होंने कहा कि अब मुझमें ज्यादा बोलने की ताकत नहीं है। चंडीतला की जनता ही तय करे कि किसी सांसद पर हमला करना क्या उचित है। यह कोई जनाक्रोश नहीं है। कुछ लोग भगवा पट्टी बांधकर तृणमूल कार्यकर्ताओं को पीट रहे थे।

कल्याण बनर्जी ने आगे आरोप लगाया कि राज्य भर में भाजपा समर्थकों द्वारा तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर पहुंचने के दौरान एक महिला ने उन्हें बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल समर्थकों की पिटाई की है।

हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। श्रीरामपुर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन घोष ने कहा कि इस घटना से भाजपा का कोई संबंध नहीं है और कल्याण बनर्जी जनता के आक्रोश का शिकार हुए हैं।

सुमन घोष ने कहा कि इस मामले में भाजपा की कोई भूमिका नहीं है। अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ है और जनता ने तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंका है। जनता के जनादेश का अपमान कर यदि कोई मुख्यमंत्री के बारे में अपशब्द कहेगा तो स्वाभाविक रूप से लोगों की प्रतिक्रिया सामने आएगी।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी धक्का-मुक्की और हमले की घटना सामने आई थी। ऐसे में लगातार दो दिनों में तृणमूल के दो सांसदों के घायल होने से राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।फिलहाल चंडीतला में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय