रामगढ़ चेंबर में कैंसर जागरूकता सेमिनार, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर
रामगढ़, 31 मई (हि.स.)। रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में रविवार को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं
कार्यक्रम में शामिल लोग


कार्यक्रम में शामिल


रामगढ़, 31 मई (हि.स.)। रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में रविवार को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कैंसर के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ममता देवी उपस्थित रहीं, जबकि रांची के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सतीश शर्मा और नगर परिषद के उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष पंकज प्रसाद तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता धनंजय कुमार पुटूस ने किया।

अपने संबोधन में विधायक ममता देवी ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली, असंतुलित खानपान और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति कई गंभीर बीमारियों को जन्म दे रही है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैंसर के प्रति जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

ममता देवी ने कहा कि कैंसर कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। यदि इसकी समय पर पहचान हो जाए और उचित उपचार मिल जाए तो रोगी सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी प्रकार के लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।

रांची से आए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सतीश शर्मा ने कैंसर रोगियों के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने में मदद कर रही हैं। इसलिए लोगों को इन योजनाओं की जानकारी रखनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उनका लाभ उठाना चाहिए।

डॉ. शर्मा ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों, आधुनिक जांच पद्धतियों और उपचार की उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और सही उपचार से कैंसर के कई मामलों में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

सेमिनार के अंत में कैंसर के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच को प्रोत्साहित करने और समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में रामगढ़ चेंबर के अध्यक्ष मनजीत साहनी, सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु पोद्दार, सचिव प्रदीप गुप्ता, सदस्य अनिल गुप्ता, चेंबर उपाध्यक्ष अमरेश गणक, सहसचिव इंद्रपाल सिंह सैनी, पूर्व अध्यक्ष अनूप कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य मुरारी अग्रवाल, विनोद गर्ग सहित नगर परिषद के कई वार्ड पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश