Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 29 मई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की पेट्रोलियम और एक्सप्लोसिव उप समिति की बैठक शुक्रवार को चेंबर भवन में हुई।
बैठक में मुख्य रूप से गेल इंडिया, रांची के डीजीएम (सीजीडी) प्रशांत कुमार सिंह और कॉमर्शियल हेड मैनेजर देव प्रकाश के साथ गेल इंडिया लिमिटेड, रांची की पूरी टीम उपस्थित थी।
बैठक में चेंबर के पदाधिकारियों ने रांची एवं आसपास के क्षेत्रों में पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाने के कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। इस दौरान गेल के अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्टेशन रोड, बरियातू रोड, पीपी कंपाउंड और सिरमटोली चौक क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा चुका है।
चेंबर की ओर से आग्रह किया गया कि प्राथमिकता के आधार पर होटल व्यवसायियों और बहुमंजिला इमारतों को जल्द पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाय। इस पर गेल अधिकारियों ने बताया कार्य को गति देने के लिए अतिरिक्त वेंडरों की नियुक्ति की जा रही है और आगामी पांच-छह महीनों में लगभग एक लाख घरों तक पीएनजी गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
मौके पर बताया गया कि पीएनजी गैस, कॉमर्शियल उपयोग के लिए एलपीजी की तुलना में लगभग 30-40 प्रतिशत और घरेलू उपयोग में 8-10 प्रतिशत तक सस्ती पड़ेगी।
होटल एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया गया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन बिछ चुकी है। वे जल्द आवेदन करें ताकि उन्हें जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सके। होटल और उद्योगों के लिए कॉमर्शियल पीएनजी कनेक्शन के लिए गेल का संपर्क नंबर 9031622781 जारी किया गया।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह के अलावा सदस्य दलजीत सिंह, संदीप मिश्रा, रवि रंजन कुमार, संदीप दास, उत्तम कुमार मिश्रा, त्रिलोचन सिंह, अरविंदर सिंह खुराना, प्रमोद चौधरी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak