Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 29 मई (हि.स.)। झारखंड पुलिस के एक डीएसपी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का मामला शुक्रवार को प्रकाश में आया है। पीड़ित युवती के आवेदन पर रांची के चुटिया थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रांची के एक थाना में पोस्टेड डीएसपी पर यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज की गई है। रांची की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती ने डीएसपी के खिलाफ रांची के चुटिया थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में शादी का प्रलोभन देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और खुदकुशी के लिए उत्प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर रांची के चुटिया थाने में (एफआईआर 70/ 26) दर्ज की गई है।
पीड़ित युवती के जरिये थाने में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि साल 2024 में उसकी मुलाकात लोहरदगा में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत होने लगी इस दौरान डीएसपी के जरिये यह बताया गया कि वह युवती से प्यार करता है। फोन पर बातचीत होने के बाद दोनों की मुलाकात रांची के एक रेस्टोरेंट में हुई। इस दौरान डीएसपी ने युवती को यह विश्वास दिलाया कि वह उससे शादी करेगा।
उसके बाद दोनों के बीच फोन और मैसेज से लगातार संपर्क बना रहा। युवती के अनुसार इसी बीच दिसंबर 2024 के महीने में डीएसपी के जरिये उसे एक गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां शादी का वादा किया गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया गया। शादी का प्रलोभन देकर उसके बाद भी डीएसपी के जरिये कई बार युवती से संबंध बनाए गए।
कुछ दिनों के बाद अचानक डीएसपी ने युवती से बात करना बंद कर दिया। पूछने पर डीएसपी ने बताया कि वह उससे शादी नहीं कर सकता है। बाद में इस मामले को लेकर वह पुलिस मुख्यालय तक भी गई, लेकिन जबरदस्ती डीएसपी के परिवारवालों ने मिलकर उनके परिवार से समझौता करवा दिया। इतना ही नहीं डीएसपी के जरिये उन्हें प्रताड़ित किया जाता रहा और खुदकुशी के लिए भी उकसाया गया। वहीं दूसरी तरफ चुटिया थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है। मामले में पीड़िता का बयान भी दर्ज करवाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे