Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नैरोबी, 27 मई (हि.स.)। इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए युगांडा ने पड़ोसी देश कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के साथ अपनी सीमा तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला किया है। सरकार ने कहा है कि संक्रमण को सीमापार फैलने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
युगांडा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, सीमा अगले चार सप्ताह तक बंद रहेगी। हालांकि इबोला नियंत्रण टीमों, मानवीय सहायता अभियानों, सुरक्षा गतिविधियों और खाद्य तथा मालवाहक परिवहन को छूट दी गई है।
युगांडा में अब तक इबोला संक्रमण के सात मामले सामने आए हैं, जिनमें एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। वहीं संक्रमण का मुख्य केंद्र कांगो के इटुरी प्रांत को माना जा रहा है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, कांगो में अब तक 900 से अधिक संदिग्ध मामले और 220 से अधिक मौतें दर्ज की गई हैं। दुर्लभ बुंडिबुग्यो स्ट्रेन के इबोला प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित किया जा चुका है।
युगांडा सरकार ने पिछले सप्ताह भी संक्रमण की रोकथाम के लिए कई कदम उठाए थे, जिनमें कांगो के साथ सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को निलंबित करना शामिल था। अधिकारियों ने अब यह भी स्पष्ट किया है कि कांगो से युगांडा आने वाले अधिकृत लोगों को 21 दिनों के अनिवार्य स्व-पृथकवास (सेल्फ आइसोलेशन) से गुजरना होगा।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय