Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 27 मई (हि.स.)। उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सारठ की देखरेख में आदिवासी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह समुदाय के लिए कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के
लिए धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चिन्हित गांवों में वृहद स्तर पर बेनिफिशियरी सिचुएशन कैंप का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बुधवार को प्रखंड के झिलुआ, बगडबरा, केचुआ बाक, बड़बाद, सबैजोर एवं बोचबाध गांवों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शशांक शेखर ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय और आदिवासी समुदाय के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। इनमें आधार कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री जन धन योजना, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और सभी का आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाणपत्र समय पर तैयार किया जा सके, ताकि भविष्य में उन्हें योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy