Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 27 मई (हि.स.)। रांची पुलिस ने विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए बकरीद पर्व के मद्देनजर बुधवार को फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से सुजाता चौक -एकरा मस्जिद-कर्बला चौक-पथलकुदवा-चर्च रोड-थड़पखना मस्जिद-लालपुर-हिंदपीढ़ी-डेली मार्केट-कोतवाली सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में निकाला गया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर फलैग मार्च निकाला गया।
सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, एएसपी कोतवाली निखिल राय, डीएसपी केवी रमण बाइक दस्ता के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर, बरियातू थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च किये|
सिटी एसपी ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना,आमजन में विश्वास को बनाये रखना और आकस्मिकता की स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारी करना है। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस के रूट में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और सुरक्षा की स्थिति की सूक्ष्मतापूर्वक समीक्षा की गई। साथ ही प्रतिनियुक्त बलों को ब्रीफ किया गया। फ्लैग मार्च में अन्य पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
रैपिड एक्शन फोर्स (रैप ) की एक कंपनी भी इस फ्लैग मार्च में शामिल थी। फ्लैग मार्च रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रो में भी निकाला गया है। साथ ही फलैग मार्च के जरिये आम लोगों से अपील की गयी है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि एवं असामाजिक तत्वों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे