Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 26 मई (हि.स.)। एसोसिएशन फॉर परिवर्तन ऑफ नेशन (एपीएनए) की ओर से जगन्नाथपुर स्लम के बर झोपड़ी क्षेत्र में मंगलवार को वन डे ग्रीन पैरा लीगल वॉलंटियर्स ट्रेनिंग का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्लम क्षेत्र के 13 ग्रीन पैरा लीगल वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर संस्था की प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर सपना गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाती, जिसके कारण जरूरतमंद लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं। संस्था का लक्ष्य प्रत्येक परिवार को कम से कम चार से पांच सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को कानूनी रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाना था, ताकि वे जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं, आवश्यक दस्तावेजों और कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचा सकें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को समाज के वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें व्यक्तिगत सहयोग और सही मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी भी बताई गई।
मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर मो फैजान ने पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, मुद्रा और कौशल विकास योजनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण का संचालन एहतेशाम और अरसलान ने किया।
कार्यक्रम में प्रज्ञा केंद्र संचालक लव कुमार सहित स्थानीय महिलाएं और युवा भी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar