Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 26 मई (हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया स्थित गांधी नगर मुहल्ले में छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर और 01 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी महथा नामक युवक ब्राउन शुगर का कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बिचकोड़िया स्थित उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपित की जेब से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित 01 लाख 45 हजार रुपये नकद भी मौके से जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान गांधी नगर, बरमसिया निवासी बंटी महथा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में इस अवैध कारोबार में राहुल महथा उर्फ राहुल चौधरी और विशाल महथा उर्फ छोटू की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार, अनुसंधानकर्ता राजेंद्र प्रसाद, एसआई चंद्रशेखर रजक, एसआई सूरज कुमार, एसआई सुमंत प्रसाद समेत तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे। वहीं एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy