Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दुमका, 26 मई (हि.स.)। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
सड़क किनारे सर्विस रोड में खड़ी ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर होने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए देवघर ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बांका जिला के बोसी निवासी सुंदरम कुमार (27) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सुंदरम कुमार किसी काम से बोसी जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप पहुंचा, सर्विस रोड में पहले से खड़ी ट्रक से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और युवक सड़क पर दूर जा गिरा। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना हंसडीहा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना के सहायक अवर निरीक्षक विनोद सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया। लेकिन देवघर ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। ईधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई है।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम देवघर में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों द्वारा थाना में आवेदन नहीं दिया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार