Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

तेहरान, 26 मई (हि.स.)। ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी है। ईरानी सैन्य नेतृत्व ने कहा है कि यदि हालात और बिगड़ते हैं तो उसकी सेना तेज और निर्णायक जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर सैयद माजिद मूसावी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि दुश्मन के साथ बातचीत केवल नुकसान पहुंचाने वाली साबित होती है। उन्होंने कहा कि एयरोस्पेस फोर्स पूरी सतर्कता के साथ तैनात है और अंतिम आदेश की प्रतीक्षा कर रही है।
मूसावी ने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर ईरानी सेना तत्काल कार्रवाई करने में सक्षम है। ईरान की एयरोस्पेस फोर्स देश के बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी संभालती है, जिससे चलते मूसावी के बयान को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर होर्मुज क्षेत्र में आक्रामक गतिविधियां चलाने का आरोप लगाया था। यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है क्योंकि यहां स्थित बंदर अब्बास ईरान का प्रमुख समुद्री और रणनीतिक केंद्र है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय