Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 25 मई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में सोमवार को हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन केंद्र सरकार राहत देने के बजाय केवल कर वसूली पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए उत्पाद शुल्क और अन्य करों के कारण पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। राज्य के कई हिस्सों में ईंधन की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो चुकी हैं, जिसका सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री, कृषि कार्य और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद इसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचाया गया। केंद्र सरकार तेल कंपनियों के माध्यम से जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है और राहत देने के बजाय कर वसूली की नीति अपना रही है।
केशव महतो कमलेश ने बताया कि इसके विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंगलवार को रांची के सभी पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। इस अभियान के माध्यम से महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा और पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में तत्काल कमी की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जिले और प्रखंड स्तर पर लोगों से संपर्क कर महंगाई के खिलाफ जनसमर्थन जुटाएंगे। प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पेट्रोल और डीज़ल पर लगाए गए अतिरिक्त करों में तुरंत कटौती की जाए और आम जनता को राहत प्रदान की जाए।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak