Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 25 मई (हि.स.)। उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता दरबार में शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि आमजन किसी शिकायत को लेकर जनता दरबार में आते हैं तो उनकी समस्याआओं का निवारण किया जाए। ऐसा नहीं करनेवाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त सोमवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में बोल रहे थे।
जनता दरबार में एक आवेदक ने अंचल कार्यालय के एक कर्मचारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, जिस पर मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन पर आगे कार्रवाई की जरूरत हो तो उसकी जानकारी भी आवेदक को दी जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन और पेयजल से संबंधित मामलों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं उपायुक्त ने पंजी-2 सुधार, लगान रसीद निर्गत करने, भूमि मापी और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। वहीं अनगड़ा प्रखंड से आई महिलाओं के जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनाने में आ रही परेशानी की शिकायत पर विशेष कैंप आयोजित करने और पंचायत स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को सर्वजन पेंशन योजना के पात्र लाभुकों को लाभ दिलाने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनता दरबार में बडी संख्यान में पदाधिकारी कर्मी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar