Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 21 मई (हि.स.)। सामाजिक संस्था ओथ और उत्कल कराटे स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को बरियातू हाउसिंग कॉलोनी स्थित संस्कृति विहार में एक दिवसीय निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों एवं युवाओं ने भाग लेकर कराटे प्रशिक्षण के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को आत्मरक्षा, फिटनेस और प्रतियोगिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में ओथ के ट्रस्टी दीपक बंका एवं अमित कुमार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी संजीत गाड़ी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस मौके पर ट्रस्टी दीपक बंका सहित अन्य अतिथियों ने कहा कि कराटे जैसे खेल बच्चों में अनुशासन,आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल पर खास ध्यान देने की आवश्याकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्य आगे भी किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत वार्मअप एवं बेसिक ट्रेनिंग से हुई, जिसका प्रशिक्षण सेम्पाई रवि कुमार ने दिया। इसके बाद चंदन कुमार द्वारा काता प्रशिक्षण कराया गया, जबकि कुमिते ड्रिल एवं कुमिते बेसिक का प्रशिक्षण सेंसई संदीप लाल और सेम्पाई प्रिंस ठाकुर ने दिया। शिविर में मुख्य रूप से सेम्पाई मानसी सिंह, विशाखा कुमारी सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar