Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 20 मई (हि.स.)। देवघर पुलिस ने नशा और ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दहीजोर-लेटवावरण सड़क स्थित तिराहा मोड़ के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान गौतम महथा उर्फ गौतम चौधरी को ब्राउन शुगर बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना फिरोज अंसारी उर्फ गुड्डू का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंसडीहा थाना क्षेत्र निवासी फिरोज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित गौतम महथा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 77/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अशोक कुमार सिंह ने किया। अभियान को सफल बनाने में मोहनपुर थाना, बाबा मंदिर थाना तथा तकनीकी शाखा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy