Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 20 मई (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल गिरिडीह (दक्षिण) के विद्युत कार्यपालक अभियंता मृणाल गौतम के कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस संबंध में झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को शिकायत पत्र भेजा गया है।
अजय राय ने कहा कि संघ की ओर से भेजे गए पत्र में गिरिडीह (दक्षिण) विद्युत प्रमंडल से जुड़े कुछ कार्यों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में डुमरी क्षेत्र के गोमिया फीडर, लाइन शिफ्टिंग कार्य तथा कुछ उपभोक्ता मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के कारण उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, ताकि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
संघ ने यह भी कहा कि आम उपभोक्ताओं को समय पर बेहतर विद्युत सेवा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। अजय राय के अनुसार, मामले से संबंधित शिकायत पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्य सचिव तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को ऑनलाइन माध्यम से भी भेजी गई है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar