Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सोनीपत, 02 मई (हि.स.)। सोनीपत
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने शहर में व्यापक जनसम्पर्क अभियान तेज कर दिया है।
शुक्रवार देर शाम तक प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली
ने विभिन्न वार्डों में चौपाल लगाकर नागरिकों से सीधा संवाद किया और घर-घर जाकर भाजपा
उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की। नेताओं ने कहा कि अधिकतम मतदाता मतदान करें
और कमल के निशान पर बटन दबाकर तीन इंजन की सरकार को मजबूत बनाएं।
दोनों
नेताओं ने जिला चुनाव समिति की बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के लिए निर्देश
दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर शत-प्रतिशत मतदान
सुनिश्चित करने में भूमिका निभाए। चौपाल के दौरान लोगों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं
और विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। उन्हांने कहा कि सोनीपत से मेयर उम्मीदवार राजीव जैन के साथ ही सभी 22 वार्डों में भी भाजपा के पार्षद उम्मीदवार भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।
प्रदेश
प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि शहर की जनता विकास चाहती है और भाजपा सरकार ने हमेशा
जनहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार संकल्प पत्र के हर वादे
को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र में नरेंद्र मोदी और हरियाणा में
नायब सिंह सैनी सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब, किसान, महिला और
युवा वर्ग को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
प्रदेश
अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जनता विकास का रास्ता चुन चुकी है और निकाय चुनाव
में हर वार्ड में कमल खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदान दिवस तक लगातार जनसम्पर्क
बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रमों के दौरान संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, मंत्री
कृष्ण लाल पंवार, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मलिक, विधायक
निखिल मदान, विधायक कृष्णा गहलोत, विधायक देवेंद्र कादियान, विधायक पवन खरखौदा, पूर्व
मंत्री कविता जैन, नीरज ठरु सहित भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना