Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बहराइच, 02 मई (हि.स.)। शनिवार को नानपारा तहसील में आयोजित तहसील दिवस में एक महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नानपारा में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के सामने एक महिला अचानक चीखते हुए पहुँची और महिला अधिकारियों काे चेतावनी देने लगी कि वह आत्मदाह कर लेगी।
महिला का कहना था कि उसकी जमीन को अवैध तरीके से बेच दिया है। महिला जमीन पर कब्जा पाने के लिए पिछले दो वर्षों से दफ्तरों के चक्कर काट रही है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद कार्यवाई की जाएगी।
पीड़िता की पहचान नवाबगंज थाना क्षेत्र के पंडोहिया निवासी सुनीता सिंह के रूप में हुई है। महिला ने अपने ससुर दरोगा सिंह के भाई जयपत्तर सिंह पर बंटवारे में मिली जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप लगाया है। पीड़िता विक्रय की गई जमीन पर खुद का दावा कर रही है। हालांकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
वहीं पीड़िता की मानें तो जयपत्तर सिंह ने बंटवारे में मिली जमीन बारी खान नामक व्यक्ति को बिना किसी बैनामे के बेच दी है। सुनीता इस जमीन को अपना बता रही है और पिछले दो वर्षों से इस पर अवैध कब्जा हटाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रही है।
इस मामले पर क्षेत्रीय लेखपाल विनय का कहना है कि सुनीता के ससुर के भाई ने बंटवारे की जमीन बारी खान को बिना बैनामे के बेच दी थी। फिलहाल विवादित जमीन पर बारी खान मकान बना कर रह रहे हैं। उन्होंने न्यायालय में वाद दायर कर रखा है,जिस कारण कोई कार्यवाही नहीं हो पा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA