Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 02 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में महिला आरक्षण को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच कांग्रेस की कई महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा ने इसे महिला सशक्तिकरण के समर्थन में उठाया गया कदम बताया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के रुख से व्यापक असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि 'आधी आबादी' अब अपने अधिकारों के खिलाफ खड़े दलों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया।
भाजपा में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से लक्ष्मी राणा (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, रुद्रप्रयाग), मीना शर्मा (पूर्व चेयरमैन, रुद्रपुर नगर पालिका व महिला कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष), दर्शन लाल आर्य (पूर्व विधायक प्रत्याशी, घनसाली) के अलावा पूनम गुप्ता, मंजू और श्वेता शर्मा सहित अन्य लोग शामिल रहे।
भाजपा में शामिल हुईं मीना शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में महिलाओं के साथ अन्याय होता है और उनकी आवाज को दबाया जाता है। उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय