Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरेली, 02 मई (हि.स.) । गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल ने बड़ी राहत दी है। रेल प्रशासन ने बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर और वापसी में गोरखपुर से बोरीवली टर्मिनस के बीच एक जोड़ी अनारक्षित ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे मुंबई और पूर्वांचल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, 09157 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अनारक्षित समर स्पेशल ट्रेन 3 मई 2026 को बांद्रा टर्मिनस से रात 00:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बोरीवली, वापी, सूरत, वड़ोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, बयाना, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर, बुढ़वल, गोण्डा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए अगले दिन शाम 5:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में 09158 गोरखपुर-बोरीवली टर्मिनस अनारक्षित समर स्पेशल ट्रेन 4 मई 2026 को गोरखपुर से रात 8:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोण्डा, बुढ़वल, सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली सिटी, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, बयाना, सवाई माधोपुर, कोटा, नागदा, रतलाम, वड़ोदरा, सूरत और वापी होते हुए तीसरे दिन सुबह 11:30 बजे बोरीवली टर्मिनस पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 18 अनारक्षित श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। इसके अलावा एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच भी रहेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर मंडल संजीव शर्मा ने बताया कि गर्मी के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करें और समय से स्टेशन पर पहुंचें। रेलवे के इस फैसले से खासकर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार