Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

319 दिनों से चल रहा धरना समाप्त, ग्रामीणों में खुशी का माहौल
रेवाड़ी, 02 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को रेवाड़ी जिले के गांव गोकलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित भंडारे एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उनके साथ मंत्री राव नरबीर सिंह और पूर्व विधायक रणधीर कापड़ीवास भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने मंच साझा करते हुए क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री के दौरे का सबसे अहम पड़ाव गोकलपुर पहुंचने से पहले रामगढ़-भगवानपुर का धरना स्थल रहा। यहां लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों से मुख्यमंत्री ने मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्टेडियम, आयुर्वेदिक कॉलेज सहित कई विकास कार्यों की मांग रखी थी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मौके पर ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी प्रमुख मांगों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने बड़ा फैसला लेते हुए 319 दिनों से चल रहे धरने को समाप्त कर दिया। धरना समाप्त होने के साथ ही मौके पर खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र में विकास कार्य शुरू होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री गोकलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शिव मंदिर में आयोजित भंडारे में भाग लिया और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला