जींद : महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या
सास के खिलाफ पुलिस ने किया मामला दर्ज
सदर थाना सफीदों।


जींद, 02 मई (हि.स.)। गांव सिवाहा में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मायका पक्ष के लोगों की शिकायत पर सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में करनाल के सीतामाई निवासी रामपाल ने कहा कि उसकी बेटी मनीषा की शादी 14 वर्ष पहले सिवाहा गांव निवासी सुनील के साथ हुई थी। उसकी बेटी के पास दो लड़के हैं। रामपाल ने कहा कि जब से उसकी बेटी मनीषा की शादी हुई थी, तभी से उसकी सास परवारी उसे ताने मारती रहती थी। इसके अलावा उसे किसी न किसी बात को लेकर प्रताडि़त करती रहती थी। इस बारे में कई बार पंचायत भी हुई। इसमें उसके दामाद सुनील व समधी सतबीर ने हमेशा उसकी बेटी मनीषा का साथ दिया।

रामपाल ने कहा कि उसकी बेटी मनीषा ने गत 30 अप्रैल शाम को अपनी सास से तंग आकर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी बेटी की मौत हो गई। शनिवार को जानकारी देते हुए सदर थाना पुलिस के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतका के पिता ने सास पर आरोप लगाए गए हैं। जिस पर मृतका की सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा