Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोडरमा, 02 मई (हि.स.)। कोडरमा में शनिवार को रेलवे विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्र और रेलवे अधिकारियों के साथ धनबाद मंडल अंतर्गत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार, रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा विभिन्न स्टेशनों पर चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बरकट्ठा विधायक अमित यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और विधायक ने कोडरमा रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सिग्नलिंग सिस्टम और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, आम जनता की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया।
धनबाद मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्र ने इस दौरान धनबाद-कोडरमा रेलखंड का विंडो निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने ट्रैक, स्टेशनों, सिग्नलिंग प्रणाली और परिचालन व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि कोडरमा स्टेशन को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर नए स्टेशन भवन का उद्घाटन जल्द किए जाने की योजना है।
बैठक में रेलवे से जुड़े विभिन्न जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और सभी विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करने पर सहमति बनी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर