रामपुर में छात्राओं में टीबी संक्रमण सरकार की नाकामी : जयराम ठाकुर
शिमला, 02 मई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर–खनेरी स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल नर्सिंग संस्थान एवं अस्पताल में नर्सिंग छात्राओं में टीबी संक्रमण के मामलों को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने शनिवार को ए
जयराम ठाकुर प्रेस वार्ता


शिमला, 02 मई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर–खनेरी स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल नर्सिंग संस्थान एवं अस्पताल में नर्सिंग छात्राओं में टीबी संक्रमण के मामलों को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने शनिवार को एक बयान में कहा कि एक ही संस्थान में बड़ी संख्या में छात्राओं का संक्रमित होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सरकार की नाकामी को दर्शाता है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि संस्थान में पढ़ रही 90 छात्राओं में से 19 के टीबी से संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है, जो चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर बीमारी के मामलों के बावजूद सरकार की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में टीबी उन्मूलन के लिए लगातार काम कर रही है और राज्यों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह के मामले सामने आना राज्य सरकार की लापरवाही को दिखाता है। उनके अनुसार, परिजनों द्वारा संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक को लिखे गए पत्र में भी कई खामियों का जिक्र किया गया है।

जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि कुछ छात्राओं को मल्टी ड्रग रेसिस्टेंट टीबी (एमडीआर-टीबी) का इलाज दिया जा रहा है, जिससे संक्रमण की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संक्रमण का पता चला, तो समय पर उचित उपचार और रोकथाम के कदम क्यों नहीं उठाए गए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिजनों के अनुसार कुछ मामलों में छात्राओं को इलाज के बजाय झाड़फूंक करवाने की सलाह दी गई, जो स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इसके अलावा, उन्होंने संस्थान में भोजन की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं को लेकर भी शिकायतों का जिक्र किया।

नेता प्रतिपक्ष ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और संक्रमण को रोकने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित छात्राओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, ताकि उनकी सेहत सुरक्षित रह सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा