Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 02 मई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना के फलता विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। ताजा घटनाक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग फलता विधानसभा के हासिम नगर इलाके में सड़कों पर उतर आए और कई घंटों तक अवरोध कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चुनाव के बाद भी वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं और सत्ताधारी दल के कथित दबाव और धमकियों के चलते भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने तृणमूल के ग्राम पंचायत प्रधान इसराफिल पर स्थानीय महिलाओं को धमकाने के आऱोप लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारी पूरे फलता विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। आरोपों के मुताबिक मतदान के दिन कई लोगों को वोट देने से रोका गया और ईवीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़, विशेष रूप से उन पर ब्लैक टेप लगाए जाने की शिकायत भी सामने आई। इसके बावजूद अब तक पुनर्मतदान की कोई घोषणा नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में केंद्रीय बल और पुलिस प्रशासन तैनात किया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है और हालात सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा