Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 02 मई (हि.स.)। जमीन के सीमांकन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में बीच बचाव करने गए एक अधेड़ पर जानलेवा हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। घायल अधेड़ ने इलाज के दौरान एमडीएम अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि वह घायल को लेकर पीपाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए लेकिन पुलिस ने उनको डरा धमका कर रवाना कर दिया। घटना पीपाड थाना क्षेत्र के चिरढाणी गांव की है। घायल की मौत के बाद उसके परिजन आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरना देकर बैठ गए।
मृतक हरीराम पुत्र हेमाराम मेघवाल के पुत्र ओमाराम ने आरोपिताें सूरजाराम पुत्र हरनाथ, महेन्द्र पुत्र सूरजाराम, नाथूराम, अशोक, विनोद, सहीराम, दिनेश और रेशम के खिलाफ रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि एक राय होकर बीच बचाव को आए उसके पिता पर जानलेवा हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। बाद में उपचार के दौरान उसके पिता की एमडीएम हॉस्पिटल में मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे प्रकरण में पुलिस थाने के स्टाफ पर पक्षपात और लापरवाही का आरोप भी लगाया।
उन्होंने हल्का बीट अधिकारी एएसआई लोकेश मीणा को सस्पेंड व थानाधिकारी को लाइन हाजिऱ करने तथा मुख्य आरोपित महेन्द्र और अन्य नामजद आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश