झारखंड से लाकर पंजाब में हेरोइन और अफीम बेचने वाले दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 75 लाख की खेप बरामद
बरेली, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट बरेली की टीम ने संयुक्त कार्रवाई दो सक्रिय आरोपित तस्करों को शनिवार गिरफ्तार किया है। ग
75 लाख की हेरोइन-अफीम के साथ गिरफ्तार आरोपी, एएनटीएफ और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए।


बरेली, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट बरेली की टीम ने संयुक्त कार्रवाई दो सक्रिय आरोपित तस्करों को शनिवार गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से करीब 75 लाख रुपये कीमत की हेरोइन और अफीम बरामद की गई है।

एएनटीएफ के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो तस्कर मादक पदार्थों की खेप लेकर जिले से गुजरने वाले हैं। इस पर टीम ने थाना किला पुलिस और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर ग्राम दौली रघुवरदयाल जाने वाली सड़क पर गंगा मंदिर के पास घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 275 ग्राम हेरोइन और चार किलो अफीम बरामद हुई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 2,140 रुपये नकद भी मिले।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महेन्द्र कुमार और लोकपाल सिंह के रूप में हुई है। महेन्द्र ने बताया कि वह झारखंड के खूंटी क्षेत्र से अफीम खरीदकर लाता था। इस बार लोकपाल के कहने पर वह हेरोइन भी साथ लेकर आया था। दोनों आरोपित मिलकर इन मादक पदार्थों को पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे।

आरोपित लोकपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब में सप्लाई का काम संभालता है और महेन्द्र से माल मंगवाता था। इस बार भी दोनों पंजाब जाने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

इस मामले में थाना किला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एएनटीएफ के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े गए आरोपित लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे और अंतरराज्यीय स्तर पर नेटवर्क बनाकर सप्लाई करते थे। बरामदगी के आधार पर इनके अन्य साथियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही गिरोह के बाकी शातिरों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार