खादी ग्रामोद्योग बोर्ड का जागरूकता कार्यक्रम, योजनाओं की दी गई जानकारी
कानपुर नगर, 02 मई 2026 (हि.स.)। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी गई। योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। पात
कार्यक्रम के दौरान लिया गया छायाचित्र


कानपुर नगर, 02 मई 2026 (हि.स.)। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी गई। योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्र मौके पर ही भरवाए गए और अनुदान व ब्याज में रियायत की जानकारी दी गई। यह बातें उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने कही।

शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड कानपुर नगर ने तहसील घाटमपुर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया, जहां अधिकारियों ने मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार योजना और माटी कला रोजगार योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को 15 से 35 प्रतिशत तक अनुदान (छूट) प्रदान किया जाता है। साथ ही ऋण पर ब्याज में भी रियायत दी जाती है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्र मौके पर ही भरवाकर प्राप्त किए गए। माटी कला से जुड़े कारीगरों के लिए निःशुल्क विद्युत चालित चाक उपलब्ध कराने हेतु भी आवेदन लिए गए, जिससे उन्हें आधुनिक संसाधनों के साथ रोजगार के अवसर मिल सकें।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि वे इनका लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। इस अवसर पर प्रभारी तहसीलदार अंकिता पाठक, नायब तहसीलदार शिवम मिश्र, भदरस ग्राम पंचायत प्रधान जय नारायण सिंह, धर्मेन्द्र चौधरी, हरेन्द्र कुमार, राजीव द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप