एएसआई का टैक्सी ड्राइवर से मारपीट का वीडियो वायरल, निलंबित
शिमला, 02 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में एक पुलिस अधिकारी द्वारा टैक्सी ड्राइवर के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) रैंक का अधिकारी
एएसआई का टैक्सी ड्राइवर से मारपीट का वीडियो वायरल, निलंबित


शिमला, 02 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में एक पुलिस अधिकारी द्वारा टैक्सी ड्राइवर के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) रैंक का अधिकारी ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर एक व्यक्ति के साथ अत्यधिक और अनुचित बल प्रयोग करता हुआ दिखाई दे रहा है।

मामला सामने आते ही जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिमला के एएसपी हेडक्वार्टर अभिषेक ने बताया कि पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति के तहत यह कदम उठाया गया है, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अधिकारों के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने साफ किया है कि पुलिसिंग के दौरान कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई की जानी चाहिए और आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार जरूरी है।

जिला पुलिस ने यह भी दोहराया है कि वह पेशेवर, विधिसम्मत और मानवीय पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस के मुताबिक, यदि कोई भी अधिकारी इन मूल्यों से हटकर काम करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य न सिर्फ निष्पक्ष जांच करना है, आम लोगों का पुलिस पर भरोसा बनाए रखना भी है।

फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा