Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 15 मई (हि.स.)। पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के सोहदाग खुर्द में शुक्रवार दोपहर तेज आंधी-पानी के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बारिश होने पर महिला एवं बच्चे एक पेड़ के नीचे छिपे हुए थे। अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीया सुनीता देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि उनकी पुत्री डिम्पल कुमारी (10), जय सिंह की पुत्री रिंकी कुमारी (12) व विनय सिंह की पुत्री पिंकी कुमारी (5) गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिये भेजा गया।
मुखिया कमला देवी, सामाजिक कार्यकर्ता दामोदर चौधरी व अनूप कुमार ने मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना देते हुए उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार