Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 15 मई (हि.स.)। बाघमारा कोयलांचल की राजनीति में शुक्रवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय ओपी लाल के बड़े पुत्र सुनील लाल न्याय की गुहार लेकर भाजपा नेताओं के पास पहुंच गए।
सुनील लाल ने धनबाद सांसद ढुलू महतो और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो से मुलाकात कर अपने छोटे भाई और कांग्रेस नेता अशोक लाल के खिलाफ हस्तक्षेप की मांग की।
प्रेस से बातचीत में सुनील लाल ने अपने भाई अशोक लाल पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अशोक लाल ने कांग्रेस में राजनीतिक लाभ लेने और पिता की पहचान का फायदा उठाने के लिए अपना नाम बदल लिया।
सुनील लाल का दावा है कि अशोक लाल का वास्तविक नाम “अशोक कुमार श्रीवास्तव” है, लेकिन कांग्रेस की राजनीति में प्रभाव बनाए रखने के लिए उन्होंने अपना नाम “अशोक प्रकाश लाल” कर लिया।
सुनील लाल की पत्नी शकुंतला श्रीवास्तव ने भी अपने देवर पर संपत्ति हड़पने और परिवार को धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए उन्हें और उनके पति को अपमानित किया जा रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोर्ट का आदेश उनके पक्ष में होने के बावजूद वे डर के कारण अपनी जमीन पर जाने से घबरा रहे हैं।
इस मामले में भाजपा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि किसी भी कीमत पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक लाल ने अपने ही भाई के अधिकारों का हनन किया है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को उनका अधिकार दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस परिवार के इस अंदरूनी विवाद में भाजपा नेताओं की एंट्री के बाद बाघमारा और धनबाद की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा