Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 15 मई (हि.स.)। एनइइटी परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में झारखंड छात्र मोर्चा के नेतृत्व में शुक्रवार को जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि एनइइटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत और विश्वास को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं झामुमो जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
झारखंड छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष कमलेश महतो ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में झामुमो सचिव सुशील पाहन, मकसूद अंसारी, देवनाथ मघईया, अमरनाथ मुंडा, सनिका बोदरा, मोजीर अंसारी, विलसन एक्का, रॉकी लकड़ा सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा