Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा तहसील अंतर्गत गोसलपुर के खिन्नी रोड स्थित खेत की पराली से कृत्रिम लकड़ी बनाने वाले प्लांट में शुक्रवार की शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे प्लांट परिसर में धुआं और ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए पनागर, मझौली तथा नगर निगम जबलपुर से भी दमकल वाहन एवं पानी के टैंकर बुलाए गए। सभी टीमों ने संयुक्त रूप से कई घंटों तक मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि प्लांट में पाराली एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग से प्लांट में रखी मशीनरी, कच्चा माल एवं अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं, जिससे आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका और बड़ा हादसा टल गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक