Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 14 मई (हि.स.)।
शहर में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर हाल के दिनों में फैली आशंकाओं और अनावश्यक भीड़ के बीच सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने नागरिकों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। चेंबर अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि वर्तमान में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम राजीव रंजन से विस्तृत बातचीत हुई, जिसमें प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है।
जिला प्रशासन, वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी की मौजूदगी में पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में भी आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।
चेंबर ने कहा कि कुछ पेट्रोल पंपों पर भीड़ और अतिरिक्त भंडारण की प्रवृत्ति से अनावश्यक दबाव बढ़ा है, जिसे रोकना जरूरी है।
साथ ही यह भी सुझाव दिया गया कि सभी पेट्रोल पंपों पर स्टॉक उपलब्धता की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
चेंबर ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें, अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक