Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 14 मई (हि.स.)। पलामू के मेदिनीनगर के बड़ा तालाब स्थित अंबेडकर पार्क में योगा सेंटर निर्माण के विरोध में अब पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी भी उतर गए हैं। गुरुवार को त्रिपाठी और उनकी पुत्री नम्रता त्रिपाठी पार्क में पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली।
निर्माण स्थल को देखा। उन्होंने दलित ऑर्गेनाइजेशन की ओर से योगा सेंटर निर्माण का किए जा रहे विरोध को समर्थन दिया और पलामू प्रशासन और मेयर से आग्रह के साथ-साथ दूसरी जगह निर्माण कराने की नसीहत दी।
त्रिपाठी ने कहा कि अंबेडकर पार्क में जयंती, पुण्यतिथि के साथ-साथ अन्य मौके पर कार्यक्रम का आयोजन होता है और निर्धारित जगह भी छोटी पड़ जाती है। ऐसे में पार्क क्षेत्र में योगा सेंटर का निर्माण हो जाने से बाबा साहब को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में परेशानी होगी।
त्रिपाठी ने प्रशासन और मेयर को नसीहत देते हुए कहा कि शहर में और भी जगह है, जहां पर योगा सेंटर का निर्माण किया जा सकता है लेकिन अंबेडकर पार्क में बाबा साहब की
आदमकद प्रतिमा की जगह ही बनाना जगह को संकुचित करना है। अंबेडकर पार्क को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की स्मृति में रहने दिया जाए।
मौके पर पूर्व मेयर प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी ने कहा कि जन भावनाओं का ध्यान रखना जरूरी होता है। अगर सवाल उठने लगे तो फैसला बदलने पड़ते हैं। अंबेडकर पार्क को लेकर भी कुछ इसी तरह की स्थिति है।
दूसरी जगह का चयन कर योगा सेंटर का निर्माण होना चाहिए। विकास कार्य जरूरी है, लेकिन इसके लिए भावनाओं को समझने की भी जरूरत है।
मौके पर झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघन कुमार शत्रु, रवि पाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार