Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 14 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल के बीच गुरुवार को कोलकाता के कालीघाट स्थित पार्टी कार्यालय में तृणमूल कांग्रेस की अहम बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की। बैठक में पार्टी के सांसदों और राज्यसभा सदस्यों ने भाग लिया। इनमें अभिषेक बनर्जी, सौगत राय, सुदीप बनर्जी, कल्याण बनर्जी, शताब्दी राय और यूसुफ पठान सहित कई नेता मौजूद रहे। बैठक शाम करीब चार बजे शुरू हुई।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में चुनाव के बाद की स्थिति और तृणमूल कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे मतदान में अनियमितता व हिंसा के आरोपों पर चर्चा हुई। साथ ही आने वाले दिनों में विरोध-प्रदर्शन और राजनीतिक आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई। बताया गया कि जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में चुनाव के बाद हुई हिंसा की घटनाओं का मुद्दा भी उठा। तृणमूल का दावा है कि चुनाव के बाद विभिन्न इलाकों में पार्टी के 10 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है और कई पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है। घबराकर घर छोड़ने वाले कार्यकर्ताओं की सुरक्षित वापसी और इस संबंध में अदालत के निर्देशों पर भी चर्चा की गई।
बैठक के बाद सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पहले की तरह सड़कों पर उतरकर आंदोलन जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता