मंडी में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन ,मुख्यमंत्री की घोषणाएं विवेकहीन और द्वेषपूर्ण : जयराम ठाकुर
मंडी, 14 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश की सुक्खू सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री द्वारा पार्षदों के लिए पचास-पचास लाख रुपये देने की घोषणा को आदर्श चुनाव आ
चुनाव प्रचार के दाैरान जयराम ठाकुर।


मंडी, 14 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश की सुक्खू सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री द्वारा पार्षदों के लिए पचास-पचास लाख रुपये देने की घोषणा को आदर्श चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन करार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस पार्षदों की जीत के बदले बजट का लालच देना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि यह मुख्यमंत्री की विवेकहीन और द्वेषपूर्ण सोच को भी दर्शाता है। जब उन्हें मालूम है कि आजकल आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी है तो जनसभा में ऐसे प्रलोभन देना उन्हें शोभा नहीं देता।

उन्होंने कहा कि मंडी में आकर मुख्यमंत्री ने राजनीतिक लाभ के लिए प्रचार अभियान में पैसे बांटने का लालच दिया लेकिन जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस पार्टी के झांसे में नहीं आना है। कांग्रेस हमेशा चुनाव जीतने के लिए झूठी गारंटियों का सहारा लेती है और अब इनके मंसूबे पूरे नहीं होने वाले हैं।

जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि अर्बन चैलेंज योजना के तहत विकास के लिए पैसा केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है, ऐसे में राज्य सरकार इस धन को अपना बताकर जनता पर झूठा एहसान जताने की कोशिश न करे। उन्होंने मंडी के विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा कि जब मंडी से एक हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट केंद्र को भेजे गए थे, तो सुक्खू सरकार ने केवल 180 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को ही स्वीकृति क्यों दी?

पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का मंडी में स्वागत है, लेकिन उन्हें यहाँ आकर झूठ बोलने के बजाय यह बताना चाहिए कि बीते साढ़े तीन सालों में उन्होंने इस क्षेत्र को आखिर क्या दिया है। हमारी सरकार के समय हमने 15 करोड़ जारी किए थे उसे भी वापस मंगवा लिया गया था।

जयराम ठाकुर ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अब ठगने की राजनीति का अंत होना चाहिए क्योंकि जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है। दहौंदी वार्ड में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करते हुए उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि भविष्य में भाजपा सरकार बनने पर जनता की इच्छा के अनुरूप ही क्षेत्र के सीमांकन और नगर निगम या पंचायत में रहने के मुद्दे पर निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने बेहना वार्ड के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर दहौंदी वार्ड में वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा ने जनभावना का सम्मान करते हुए बेहना में अपना नामांकन वापस लिया, लेकिन कांग्रेस की प्रत्याशी ने दहौंदी वार्ड से अंतिम समय में गायब हो गईं, जो उनकी दोहरी राजनीति को दर्शाता है। जयराम ठाकुर ने भिऊली, थनेहड़ा और खलियार वार्डों में भी धुआंधार प्रचार किया और जनता से अपील की कि पिछली बार की नाराजगी भूलकर इस बार उन लोगों को सबक सिखाएं जिन्होंने जनता को धोखा दिया और साढ़े तीन साल तक न तो नगर निगम की समस्याओं का समाधान किया और न ही जनभावनाओं का सम्मान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा