Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नैनीताल, 12 मई (हि.स.)। जिला क्रीड़ा संघ (डीएसए) नैनीताल के द्वारा बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें स्वस्थ, अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से डीएसए मैदान-फ्लैट्स में विभिन्न खेलों के निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था शुरू की गई है। इस पहल के तहत बच्चों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बिना किसी शुल्क के प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डीएसए नैनीताल के अवैतनिक महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे मोबाइल और ऑनलाइन खेलों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें मैदान और खेलों से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह पहल बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना और शारीरिक क्षमता विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी। फुटबॉल एवं हॉकी के निःशुल्क प्रशिक्षण का शुभारंभ वरिष्ठ कोच गोविंद बोरा द्वारा किया गया।
वर्तमान में लगभग 50 बालक एवं बालिकाएं डीएसए मैदान में विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फुटबॉल एवं हॉकी के लिए गोविंद बोरा, क्रिकेट के लिए सौरभ रावत, वॉलीबॉल के लिए नीरज बिष्ट तथा बास्केटबॉल के लिए दीपक कुमार को प्रशिक्षक एवं फुटबॉल के लिए पवन सिंह, हॉकी के लिए चंद्र लाल साह, क्रिकेट के लिए रवि जोशी, वॉलीबॉल के लिए शैलेंद्र बर्गली, बास्केटबॉल के लिए हरीश जोशी, बैडमिंटन के लिए वीरेंद्र साह तथा एथलेटिक्स के लिए करण सती को खेल सचिव की जिम्मेदारी दी गयी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों से जोड़कर उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी