Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में मकरोनिया थाना पुलिस ने मंगलवार को अवैध शराब परिवहन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मकरोनिया चौराहे के पास से एक संदिग्ध ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसमें से लगभग 1500 पेटी बॉम्बे व्हिस्की बरामद की गई है। जब्त की गई शराब क्वार्टर साइज की बोतलों में है, जिसकी बाजार दर लाखों में आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए ट्रक ड्राइवर का दावा है कि वह शराब की यह खेप इंदौर के बड़वाह से लोड कर जबलपुर होते हुए रीवा ले जा रहा था। ड्राइवर के अनुसार, उसने विदिशा-सागर वाला मार्ग चुना और गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए वह सागर शहर की सीमा में दाखिल हो गया। हालांकि, पुलिस को ड्राइवर की इस थ्योरी पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं है।
सूत्रों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई सटीक मुखबिरी के आधार पर की गई है। पुलिस को संदेह है कि 'रास्ता भटकने' और 'परमिट' की बात महज एक बहाना है। असल में यह शराब किसी बड़े सिंडिकेट या शराब माफिया द्वारा अवैध रूप से खपाने के लिए मंगवाई गई थी। ट्रांजिट परमिट और कागजों की वैधता की गहनता से जांच की जा रही है।
इस घटनाक्रम ने पड़ोसी जिलों की पुलिसिंग पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। यह ट्रक इंदौर से चलकर रायसेन और विदिशा जैसे जिलों की सीमाएं पार करते हुए सागर तक पहुंच गया, लेकिन रास्ते में किसी भी चेकपोस्ट या पुलिस थाना क्षेत्र में इसकी जांच क्यों नहीं की गई? बिना ट्रांजिट परमिट के इतने बड़े पैमाने पर शराब का परिवहन होना प्रशासनिक मुस्तैदी पर बड़ा सवाल है।
फिलहाल, मकरोनिया पुलिस ने ट्रक के ड्राइवर और उसके हेल्पर को अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अभी इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद शराब तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है। ट्रक को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे