Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 12 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के थाना माजरा क्षेत्र के तहत कोलर गांव में पुरानी रंजिश के चलते घर पर बनी दुकान में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद समेत 5-6 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार यह मामला विशाल कुंडलस पुत्र राजिंद्र सिंह निवासी गांव कोलर, तहसील पांवटा साहिब की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 9 मई को एक डंपर चालक की उसके पिता के साथ घर के पास कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।
शिकायत के मुताबिक 11 मई की रात वह और उसका चचेरा भाई प्रवीण घर पर बनी दुकान में बैठे थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर 5-6 लोग वहां पहुंचे। सभी हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि हमलावर दुकान के अंदर घुस आए और लाठियों तथा तलवार से उन पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर जब शिकायतकर्ता के पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला किया। वारदात के बाद सभी आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर नाहन की ओर फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में से तीन की पहचान दीपक, रमन और विक्की के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हमले में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर