Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 12 मई (हि.स.)। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12 एटीएम कार्ड और रुपए 10,710 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में सक्रिय था और खासतौर पर गांव देहात की महिलाओं व बुजुर्गों को निशाना बनाता था। आरोपी एटीएम मशीन खराब होने का झांसा देकर लोगों के कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से रकम निकाल लेते थे। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें खाते से करीब 70 हजार की धोखाधड़ी की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने हरिद्वार, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर समेत कई जिलों में दबिश देते हुए करीब 356 सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सहारनपुर निवासी संजय पुत्र अमर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि गैंग इंस्टाग्राम के जरिए आपसी संपर्क करता था और पहचान छिपाने के लिए अपने नाम पर सिम कार्ड तक नहीं लेता था। गिरोह रविवार के दिन वारदातों को अंजाम देना ज्यादा सुरक्षित मानता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। आरोपित संजय के खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, चोरी और आईटी एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला