Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 12 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नहाली में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने गए 13 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार ग्राम नहाली निवासी 13 वर्षीय नीलेश पुत्र राजेश अहिरवार अपने साथियों के साथ गांव के तालाब पर नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी की तरफ चला गया और वापस नहीं निकल सका। साथ गए बच्चों ने तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। परिजन बालक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि नीलेश अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता कारीगरी का कार्य करते हैं। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक