Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उदयपुर, 12 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार अगले एक महीने में विभिन्न आयोगों, बोर्डों और संस्थाओं में राजनीतिक नियुक्तियां करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी घोषणा जल्द होगी और पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी। राठौड़ मंगलवार को उदयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। राजनीतिक नियुक्तियों के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि सरकार पहले ही वित्त आयोग, देवनारायण बोर्ड और किसान आयोग में नियुक्तियां कर चुकी है तथा अब शेष रिक्त पद भी भरे जाएंगे। प्रदेश में महिला आयोग, आरटीडीसी, बाल आयोग, ओबीसी आयोग, वक्फ बोर्ड, राज्य खेल परिषद सहित कई संस्थानों में पद खाली हैं। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा, “100-100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।” उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में 17 पेपर लीक हुए, जबकि वर्तमान भजनलाल शर्मा सरकार में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि नीट मामले में केंद्र सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द की और दोषियों के खिलाफ जांच जारी है।उदयपुर फाइल्स मामले पर राठौड़ ने कहा कि एआई तकनीक से कुछ भी बनाया जा सकता है, इसलिए मीडिया ट्रायल से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पुलिस और न्यायालय करेंगे तथा सच्चाई सामने आ जाएगी। उदयपुर भाजपा में गुटबाजी और सोशल मीडिया विवादों के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर इस मामले का संज्ञान लिया गया है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं नहीं होंगी।पत्रकार वार्ता में सांसद मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष पुष्कर तेली एवं भाजपा नेता प्रमोद सामर भी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता