Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून, 12 मई (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के निर्देश पर बुधवार से केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय की टीम कल यानी बुधवार से उत्तराखंड में प्राकृतिक रूप से उगाए जाने वाली उपजों के बारे में जानकारी जुटाई। टीम के इस भ्रमण से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की योजना तैयार की जाएगी।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से भेंट कर वाणिज्य मंत्रालय की एक टीम को लोक सभा क्षेत्र गढ़वाल का दौरा करने आग्रह किया। यह टीम पहाड़ में मिलेट्स, हल्दी, जड़ी-बूटियों और इस तरह के प्राकृतिक रूप से उपजाए जाने वाले खाद्य उत्पादों को किस तरह से दुनिया भर के बाजारों में पहुंचाया जा सकता है, इसकी योजना तैयार करेगी। इसके लिए किसानों से सीधा संपर्क करने के साथ ही उत्पादों की जियो टैगिंग करके इसकी ब्रांडिंग भी की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने इसकी संस्तुति दे दी है और कल यानी बुधवार से केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय की टीम गढ़वाल का भ्रमण करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय की ये पहल इस इलाके के किसानों के लिए अत्यंत ही लाभदायी सिद्ध होगी। इससे पहाड़ की अर्थव्यवस्था बदलने के साथ किसानों की स्थिति बदलेगी और दुनिया भर में गढ़वाल की एक अलग पहचान भी कायम होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल