Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वॉशिंगटन, 12 मई (हि.स.)। अमेरिका के रक्षा विभाग ने बताया है कि ईरान के साथ जारी युद्ध पर अब तक अमेरिका का खर्च लगभग 29 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 36.9 अरब सिंगापुर डॉलर तक पहुंच गया है। यह आंकड़ा अप्रैल के अंत में जारी अनुमान से लगभग 4 अरब डॉलर अधिक है।
पेंटागन के वरिष्ठ अधिकारी जूल्स हर्स्ट ने अमेरिकी सांसदों को जानकारी देते हुए कहा कि नए अनुमान में सैन्य उपकरणों की मरम्मत, प्रतिस्थापन और अभियान संचालन से जुड़े बढ़े हुए खर्च शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त स्टाफ और नियंत्रक विभाग लगातार लागत का आकलन कर रहे हैं।
इससे पहले 29 अप्रैल को पेंटागन ने युद्ध पर 25 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान जताया था। हालांकि अब युद्ध की बढ़ती अवधि और सैन्य गतिविधियों के कारण लागत में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
जूल्स हर्स्ट ने यह जानकारी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन क्रेन की मौजूदगी में दी।
वहीं राजनीतिक स्तर पर भी यह मुद्दा अमेरिका में चर्चा का केंद्र बनता जा रहा है। नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी युद्ध के खर्च को महंगाई और आम लोगों की आर्थिक परेशानियों से जोड़कर सरकार पर हमला कर रही है। ऐसे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के लिए प्रतिनिधि सभा में अपना बहुमत बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
हालांकि पेंटागन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि 29 अरब डॉलर के आंकड़े तक पहुंचने के लिए कौन-कौन से विस्तृत मानदंड अपनाए गए।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय