Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के खंड विकास कार्यालय सभागार में मंगलवार को ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 20 मई को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले होने वाली रैली को सफल बनाने के लिए प्रधानों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में प्रधानों ने पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए जाने का विरोध जताया। प्रधानों का कहना था कि यदि राज्य सरकार तय समय पर पंचायत चुनाव नहीं करा पाती है तो अगले चुनाव तक ग्राम पंचायतों का कार्यभार मौजूदा प्रधानों को ही सौंपा जाए। प्रधानों ने तर्क दिया कि प्रदेश में पहले भी चुनाव समय पर न होने की स्थिति में पंचायतों का कार्यभार अगले चुनाव तक प्रधानों के हवाले ही रखा गया था। साथ ही राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी राज्य सरकार द्वारा चुनाव न कराए जाने की दशा में पंचायतों का कार्यभार चुनाव संपन्न होने तक मौजूदा प्रधानों को ही सौंपा गया। प्रधानों का मौजूदा कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है।
संगठन के विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष महाराज सिंह ने कहा कि पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष श्यामवीर सिंह ने अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान रनवीर सिंह, गौरी मनोज चौधरी, मुकेश चौधरी, जगवेंद्र सिंह, पूरन सिंह, नीरज कुमार, धर्मपाल सिंह समेत सभी 58 ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना