Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर/कोटा, 12 मई (हि.स.)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मृत्यु के गंभीर मामले को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कोटा के सीएडी सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर चिकित्सा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिकित्सा मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जेके लोन अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों के वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
लोकसभा अध्यक्ष ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत समीक्षा करते हुए जयपुर से आई जांच टीम की रिपोर्ट और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रसूताओं की मृत्यु अत्यंत संवेदनशील विषय है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जानी चाहिए।
ओम बिरला ने घोषणा की कि दिल्ली एम्स एवं अन्य केंद्रीय चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों की टीम शीघ्र ही कोटा-बूंदी के अस्पतालों का दौरा करेगी। यह टीम अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर, संक्रमण के कारणों, सर्जरी प्रक्रियाओं तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं की गहन जांच करेगी और सुधार के लिए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
उन्होंने संभागीय आयुक्त को निर्देश दिए कि उनकी अध्यक्षता में एक विशेष समिति गठित कर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण कराया जाए। समिति अस्पतालों की साफ-सफाई, संसाधन, नर्सिंग सेवाएं, इमरजेंसी व्यवस्था एवं उपचार प्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम सुझाएगी।
बैठक में अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, नर्सिंग सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, आपातकालीन सेवाओं में सुधार तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आमजन का विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता, जवाबदेही और पारदर्शिता अनिवार्य है।
बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी, नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा, एसएमएस अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धनंजय अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज कोटा के प्राचार्य डॉ. निलेश जैन, जेके लोन अस्पताल अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा, एमबीएस अस्पताल अधीक्षक डॉ. धर्मराज मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित