Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 12 मई (हि. स.)। तिलजला अग्निकांड मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सख्त निर्देश के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस घटना को लेकर तुरंत स्पष्ट एफआईआर दर्ज करने के लिए कोलकाता पुलिस को आदेश दिया गया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को राज्य सरकार की ओर से उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित करने का निर्देश भी जारी किया गया है।
मंगलवार को राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल के हस्ताक्षर से एक आपात पत्र कोलकाता नगर निगम को भेजा गया। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि बुधवार सुबह 11 बजे तक इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट जमा करनी होगी। इस सख्त निर्देश के बाद कोलकाता नगर निगम पर दबाव बढ़ गया है।
जांच कमेटी में कोलकाता नगर निगम आयुक्त, कोलकाता पुलिस आयुक्त, दमकल विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के प्रतिनिधियों को शामिल करने का निर्देश दिया गया है। विशेष रूप से अंतिम दो विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों को जांच प्रक्रिया में शामिल करने को कहा गया है। कमेटी को जल्द घटनास्थल का निरीक्षण कर दस्तावेजों की जांच तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी।
उल्लेखनीय है कि तिलजला की इस भीषण आग की घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना की गंभीरता और जनहानि को देखते हुए राज्य सरकार ने तेजी से जांच और कड़ी कार्रवाई का रास्ता अपनाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा