Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायपुर, 12 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। अब टीम रायपुर में अपने दूसरे घरेलू मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से भिड़ने के लिए तैयार है। आरसीबी के गेंदबाजी कोच ओंकार साल्वी का मानना है कि टी20 क्रिकेट में तेज और सटीक निर्णय लेना सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में आरसीबी ने आखिरी गेंद पर 167 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ टीम 11 मैचों में 14 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
केकेआर मुकाबले से पहले प्री मैच कॉन्फेंस में ओंकार साल्वी ने कहा, “मुझे लगता है कि हमारे गेंदबाजों के पास इस फॉर्मेट के लिए जरूरी सभी स्किल्स मौजूद हैं, लेकिन सबसे अहम मानसिक पक्ष होता है। इस खेल में काफी अनिश्चितताएं होती हैं। कई बार पिच या परिस्थितियां गेंदबाजों के अनुकूल नहीं होतीं, इसलिए ऐसे समय में गेंदबाज कितनी तेजी और समझदारी से फैसले लेता है, यही सबसे महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि गेंदबाजी इकाई का पूरा फोकस सरल रणनीति और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने पर है।
साल्वी ने कहा, “गेंदबाजी को हमें बेहद सरल रखना होगा। गेंदबाजी में सही एक्शन और सही टोन सेट करना जरूरी होता है, फिर बल्लेबाज उसी के अनुसार प्रतिक्रिया देते हैं। मैच के दिन जो भी परिस्थितियां हों, उन्हें समझकर अपनी ताकत को और बेहतर तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है।”
इस सीजन अलग-अलग मैदानों पर बदलती पिचों को लेकर उन्होंने कहा कि टीम हर तरह की परिस्थितियों के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, “हमें हर तरह की पिच के लिए तैयार रहना होगा। एक टीम के तौर पर हम इन चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह खेल का हिस्सा है और हमें परिस्थितियों को पढ़कर उसी के अनुसार प्रतिक्रिया देनी होगी।”
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली करीबी जीत पर साल्वी ने कहा कि ऐसे मुकाबले टीम के आत्मविश्वास और आपसी भरोसे को और मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा, “जितने ज्यादा हम ऐसे मैच जीतते हैं, टीम का आपसी तालमेल उतना ही मजबूत होता है। हर खिलाड़ी एक-दूसरे की मदद कर रहा है और सभी को भरोसा है कि वे मैच जिता सकते हैं। ऐसी जीतें टीम के विश्वास को और मजबूत बनाती हैं।”
साल्वी ने युवा तेज गेंदबाज राशिख सलाम की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राशिख ने अपने अनुभवों और गलतियों से काफी कुछ सीखा है।
उन्होंने कहा, “राशिख लगातार सीखने वाले खिलाड़ी हैं। पिछले अनुभवों और चुनौतियों ने उन्हें बेहतर गेंदबाज बनाया है। पूरे सीजन उन्होंने अपनी स्किल्स पर काफी मेहनत की है और वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”
केकेआर के खिलाफ मुकाबले को लेकर साल्वी ने कहा कि फिलहाल टीम केवल अपनी तैयारी और अपनी ताकत पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा, “अभी हमारा पूरा फोकस अपनी टीम, अपनी ताकत और तैयारी पर है। मैच के दिन पिच के व्यवहार के अनुसार हम रणनीतिक फैसले लेंगे। केकेआर ने पिछले कुछ मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है और उनके पास अच्छा मोमेंटम है, इसलिए यह मुकाबला काफी रोमांचक होगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे